नई दिल्ली – श्रीलंका के खिलाफ टी 20 सीरीज़ और द. अफ्रीका दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज़ के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। बीसीसीआइ की चयन समिति ने दिल्ली में मीटिंग की और इन दोनों सीरीज़ के लिए भारतीय खिलाड़ियों के नाम का ऐलान कर दिया।श्रीलंका के खिलाफ पहले तीन टी-20 मैच की सीरीज़ खेली जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम नए साल की नई शुरुआत द. अफ्रीका के दौरे से करेगी। यहां पर टीम इंडिया को सबसे पहले तीन टेस्ट मैच की सीरीज़ खेलनी है। टेस्ट के बाद बारी 6 वनडे मैचों की सीरीज़ में दम दिखाने की होगी और इसके बाद भारतीय टीम द. अफ्रीका की टीम से तीन टी-20 मुकाबलों में लोहा लेगी। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ के लिए टीम का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। इस सीरीज़ में विराट कोहली को आराम दिया गया था और अब टी-20 सीरीज़ के लिए भी कप्तान कोहली को आराम दिया गया है और इन दोनों ही सीरीज़ के लिए टीम की कमान रोहित शर्मा को दी गई है।













