समाना : गांव बिजलपुर के किसान ने अपनी ही लाइसैंसी रिवाल्वर द्वारा अपनी कनपटी पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार किसान साहिब सिंह (40) पुत्र प्यारा सिंह निवासी गांव बिजलपुर बुधवार देर सायं अपने घर के नजदीक ही अपने खेत में गया व ट्यूबवैल वाले कमरे में जाकर अपनी कनपटी पर गोली मार कर आत्महत्या कर ली। खुद को गोली मारने से पहले किसान साहिब सिंह ने अपने मोबाइल द्वारा परिवार को सूचित भी किया, जिसके बाद तुरंत परिजन खेत पहुंचे और खून से लथपथ साहिब सिंह को पटियाला के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस प्रमुख हरमनप्रीत सिंह चीमा ने घटनास्थल का दौरा किया व साहिब सिंह के शव की जांच की। पुलिस प्रमुख के अनुसार साहिब सिंह की पत्नी हरजीत कौर के बयानों एवं मिले सुसाइड नोट के अनुसार पुलिस ने गांव में ही उनके नजदीकी लोगों द्वारा जमीनी विवाद को लेकर तंग करने के आरोपों के आधार पर एक महिला समेत 2 परिवारों के कुल 7 लोगों पर धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।













