पटियाला : बिना सोचे समझे किसी को उधार पैसे नहीं दिलाने चाहिएं क्योंकि कई बार उसके पीछे अपनी जान भी गंवानी पड़ सकती है। ऐसी ही एक उदाहरण पटियाला में उस समय देखने को मिली जब सरहंदी बाजार पटियाला की रहने वाली 40 वर्षीय मोनिका ने भाखड़ा में छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। मोनिका ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था जिसमें एक बड़ा खुलासा किया गया था कि आखिर उसको आत्महत्या करने की जरूरत क्यों पड़ी। सुसाइड नोट के मुताबिक मोनिका ने गहने गिरवी रखकर अपनी गारंटी डाल कर अपनी सहेली को 45 लाख रुपए उधार दिलवाए थे। जिस महिला ने रुपए उधार दिए थे, जब उसने गिरवी रखे गए जेवरों की जांच करवाई तो वह नकली निकले और इसमें गारंटर मोनिका फंस गई और उसको दोनों तरफ से धमकियां मिलने लगीं और वह परेशान रहने लगी। परेशान मोनिका ने आज दोपहर को भाखड़ा नहर में छलांग मार कर आत्महत्या कर ली। मोनिका ने आत्महत्या करने से पहले अपने पति महेंद्रपाल शर्मा को फोन किया और उसको सारी घटना बारे जानकारी दी।













