Table of Contents
ToggleRelatedPosts
न्यूयॉर्क. कैलिफोर्निया के पहाड़ी इलाके के मोंटेसिटो शहर में तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पहाड़ियों से बहकर आई मिट्टी के साथ सैकड़ों मकान बह गए। 15 लोगों की मौत हो गई। 50 से ज्यादा लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला गया। इनमें 14 साल की बच्ची भी है। 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। करीब 48 किलोमीटर तक नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा। 10 दिसंबर 2017 को कैलिफोर्निया के जंगलों में इतिहास की सबसे भीषण आग लग गई थी। हजारों एकड़ जंगल जल गया था। राख का ढेर बन गया। पेड़-पौधे नहीं बचने से मिट्टी की पानी सोखने की कैपेसिटी कम हो गई थी। यही वजह है कि मिट्टी कटकर फैल गई। प्रशासन ने भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सांता बारबरा काउंटी के कई इलाकों को खाली करने के निर्देश दिए थे। बारिश से कुछ घंटों पहले 7 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा था। कुछ लोगों ने दूसरी जगह जाने से मना भी कर दिया, लेकिन हाईवे के किनारे स्थित मोंटेसिटो शहर को सुरक्षित मानते हुए खाली कराने के निर्देश नहीं दिए गए थे। यहीं पर पहाड़ों से आए मलबों ने तबाही मचाई।









