Table of Contents
ToggleRelatedPosts
नई दिल्ली-छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में गोलियों की गूंज की जगह शांति की बहाली के संदेश को लेकर वहां के पुलिस बल में तैनात कांस्टेबल बंसीलाल नेताम (42) सोमवार को इंडिया गेट से साइकिल से देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा के साथ उन्होंने गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी अपना नाम दर्ज कराने का लक्ष्य बनाया है। 20 दिन के अंदर वे राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक के राज्यों का सफर करेंगे और फिर वापस दिल्ली लौटेंगे। रोजाना 350 किलोमीटर साइकिल चलाने की क्षमता रखने वाले बंसीलाल कहते हैं कि वे इससे पहले भी वर्ष 2003 में पूरे देश का साइकिल से भ्रमण कर चुके हैं, मगर वे इस बार अपने छत्तीसगढ़ के लिए निकले हैं, ताकि उसे गोलियों और बम धमाके की गूंज की जगह उनके जैसे सकारात्मक बदलाव को आतुर लोगों की वजह से जाना जा सके, लेकिन यह तभी संभव होगा, जब इलाके में शांति होगी।









