Table of Contents
ToggleRelatedPosts
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने प्रदेश में सरगर्म गैंगस्टर्स को हिंसा का रास्ता छोडऩे की अपील करते हुए आज कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं और न ही कोई अपराधी बहुत समय तक कानून के शिकंजे से बच सकता है। कैप्टन आज यहां पंजाब कला भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने गैंगस्टर विक्की गौंडर मुठभेड़ मामले को झूठा बताने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि गैंगस्टरों के परिजन दुख की हालत में ऐसे आरोप लगा रहे हैं। ऐसे अपराधियों को इस बात का अहसास होना चाहिए कि कानून से उपर कोई नहीं। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार बनी है तब से ए कैटेंगरी के पैंतालीस फीसदी गैंगस्टर्स तथा बी कैटागरी के बयालीस फीसदी गैंगस्टर्स या तो आत्मसमर्पण कर चुके हैं या उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्त से बाहर गैंगस्टर्स के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी इसलिए अपराधियों को समझ लेना चाहिए कि वे अब ज्यादा समय तक कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।









