होशियारपुर : गांव सलेमपुर में अपने घर के बाहर शौचालय के लिए बने 10 फुट गहरे कच्चे गड्ढे में महिला गुरमीत कौर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। गड्ढे से गुरमीत कौर के चीखने की आबाज सुनकर परिवार के लोगों के साथ-साथ गांव के लोग भी पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए। बड़ी मशक्कत के बाद सीढ़ी के सहारे घायल गुरमीत कौर को बाहर निकालकर परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। सिविल अस्पताल में दाखिल घायल गुरमीत कौर व उसके परिजनों ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार शौचालय बनाने के लिए बड़ी-बड़ी बातों के साथ वायदे तो करती है परन्तु उसके लिए समय पर ग्रांटें जारी नहीं करती। ग्रांट के लिए कहा जाता है तो कहते हैं, पहले गड्ढे का फोटो लेकर आओ। इसी योजना तहत हमने गड्ढे खुदवा लिए लेकिन आज सुबह गलती से उसी गड्ढे में वह गिर गई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर ग्रांट मिल गई होती तो आज यह दिन न देखना पड़ता।













