मुंबई- सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाईजान ने चीन के बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन थोड़ी और उछाल ली और 20 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया है। हालांकि दो दिनों में वो आमिर खान की फिल्मों के चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर बनाये गए रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाए हैं। गलती से भारत चली आई पाकिस्तानी स्पेशल चाइल्ड मुन्नी को उसके घर पहुंचाने वाले बजरंगी की कहानी पर बनी कबीर खान निर्देशित इस फिल्म ने चीन में 2. 25 मिलियन डॉलर यानि 14 करोड़ 61 लाख रूपये से ओपनिंग ली और दूसरे दिन 3. 11 मिलियन डॉलर यानि 20 करोड़ 36 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। चीन के लैंटर्न फेस्टिवल के मौके पर वहां 8000 स्क्रीन्स में रिलीज़ की गई बजरंगी भाईजान को दो दिनों में 5. 36 मिलियन डॉलर यानि 34 करोड़ 97 लाख रूपये का कलेक्शन हुआ है। बजरंगी भाईजान , चीन के बॉक्स ऑफ़िस पर सातवें नंबर पर एंटर हुई है और देखना है कि फिल्म वहां कैसा प्रदर्शन कर पाती है। इस फिल्म ने भारत में 320 करोड़ 34 लाख रूपये का लाइफ टाइम कलेक्शन हासिल किया है।













