मुंबई-अमिताभ बच्चन की उम्र जितनी बढ़ती जा रही है उनके किरदारों का दिल उतना ही जवान और कभी कभी तो बच्चा बनता जा रहा है। जल्द ही वो फिल्म 102 नॉट आउट में नज़र आएंगे। फिल्म की नई तस्वीरें बड़ी ही दिलचस्प है। फिल्म में 102 की उम्र का किरदार निभा रहे बच्चन स्टाइलिश हो कर कूल-डूड बनने के कोशिश कर रहे हैं और हसीनाएं उनके इस अंदाज़ पर फ़िदा हैं। ‘ओह माई गॉड’ जैसी फिल्म बनाने वाले नेशनल अवॉर्ड विनर उमेश शुक्ला की फिल्म 102 नॉट आउट बुजुर्ग बाप- बेटे की कहानी है, जिसमें अमिताभ पिता और ऋषि बेटे की भूमिका में हैं। ये बड़े परदे पर उनकी 27 साल बाद वापसी है। एक ज़माने में बॉलीवुड में लंबू जी टिंकू जी की क्यूट मानी जाने वाली अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी बड़े परदे पर फिर लौट रही हैं। भले ही दोनों की उम्र मिलकर 138 साल हों लेकिन अब वो कहने जा रहे हैं 102 नॉट आउट। फिल्म का टीज़र पिछले दिनों रिलीज़ हुआ था जिसमें दोनों ने अभिनय के हर रस को पेश किया। बिग बॉस और ऋषि कपूर ने आख़िरी बार साथ में 1991 में फिल्म अजूबा में साथ काम किया था। इससे पहले कपूर एंड संस में ऋषि 90 साल के बुजुर्ग का रोल निभा चुके हैं जबकि सालों से बिग बी पर्दे पर बुजुर्ग वाले रोल निभाते रहे हैं लेकिन इस बार परदे पर उनकी उम्र का ग्राफ और चढ़ा है। हाल के वर्षों में अमिताभ ने पीकू, शमिताभ और तीन जैसी फिल्मों में उम्रदराजी दिखाई है।













