सेंट मौरित्ज – भारतीय तेज गेंदबाजों से प्रभावित पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम का मानना है कि मुहम्मद शमी अगर अपना रनअप ठीक कर ले और जसप्रीत बुमराह कुछ समय काउंटी क्रिकेट खेले तो वे इंग्लैंड दौरे पर कहर बरपा सकते हैं। विश्व के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में शुमार अकरम ने कहा, ‘शमी अच्छा गेंदबाज है, लेकिन कई बार मुझे लगता है कि वह सुस्त है। तेज गेंदबाज होने के नाते उसे चुस्ती के साथ बल्लेबाज को गलती करने पर मजबूर करते रहना चाहिए। अपने रनअप के समय शमी कई बार क्रीज पर पहुंचने से ठीक पहले छोटे कदम लेता है। कई बार लय से भटकने पर कदम छोटे हो जाते हैं और गेंद सटीक नहीं पड़ती। इससे गेंदबाज की रफ्तार भी कम हो जाती है। शमी का घुटने की चोटों का इतिहास रहा है और अकरम ने स्वीकार किया कि यह चिंता की बात है। उन्होंने कहा, ‘शमी के साथ मसला रहेगा। शोएब अख्तर को भी घुटने ने परेशान किया। उसे शरीर के निचले हिस्से की मांसपेशियों पर काम करना होगा।













