लखनऊ – उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का मानना है कि लखनऊ में 21 और 22 फरवरी को होने जा रही इन्वेस्टर्स समिट ने प्रदेश में नई उम्मीदों को हवा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भरोसा है कि अब प्रदेश के कायापलट की शुरुआत हो रही है। यह पहला अवसर है जबकि देश के जाने-माने उद्यमियों का जमावड़ा यहां होने जा रहा है। आयोजन में जुड़े अधिकारी और मंत्री इस समिट में बड़ी संभावना देख रहे हैं और खुद आत्मविश्वास से भरे योगी इसे लोगों की आकांक्षाओं और इच्छाओं से भी जोड़ते हैं कि प्रदेश अब खुद भी बीमारू राज्य के दाग को धोना चाहता है, इसलिए उनमें भी विकास की ललक बढ़ी है। लोग रोजगार के आकांक्षी हैं और हम उनके लिए अवसर पैदा करना चाहते हैं। वह कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश की छवि बदली है और इसका लाभ उत्तर प्रदेश को भी मिल रहा है। आखिर दोनों जगह भाजपा की ही सरकार है, इसलिए उद्यमियों का भरोसा प्रदेश के लिए बढ़ रहा है। वह सरकार की कार्यशैली को सांस्कारिक परिवर्तन के रूप में देखते हैं और साथ ही कहते भी हैं कि नौकरशाही सरकार की मंशा देखती है।













