ADVERTISEMENT
करनाल, 20अप्रैल (प्रवीण वालिया): करनाल में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। कर्ण विहार क्षेत्र में स्कूटी सवार एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान उज्वल उर्फ मोनू के रूप में हुई है। वह अस्पताल से अपने किसी रिश्तेदार का हालचाल जानकर घर लौट रहा था। रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और बहाने से सिगरेट जलाने के लिए लाइटर मांगा। इसके बाद उन्होंने युवक को उसकी फोटो दिखाकर पहचान पक्की की और उसकी टांगों में चार गोलियां मार दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण।
परिजनों के अनुसार, उज्वल का किसी से कोई विवाद नहीं था। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













