डरबन- एडेन मार्करैम ने अपने संयम और जज्बे का शानदार नमूना पेश किया, लेकिन उनके आउट होते हुए मिशेल स्टार्क ने दक्षिण अफ्रीका के निचले क्रम को बिखेर दिया, जिससे ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट मैच में रविवार को जीत के करीब पहुंच गया। दक्षिण अफ्रीका ने 417 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब रोशनी के कारण चौथे दिन खेल समाप्त किए जाने तक नौ विकेट पर 293 रन बनाए। वह अभी लक्ष्य से 124 रन पीछे है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को चार टेस्ट मैचों की सीरीज में शुरुआती बढ़त लेने के लिए केवल एक विकेट की जरूरत है। मार्करैम ने 143 रन बनाकर अपने पिछले सर्वोच्च स्कोर की बराबरी की। उन्होंने थेनिस डि ब्रूएन (36) के साथ पांचवें विकेट के लिए 87 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को चार विकेट पर 49 रन के स्कोर से उबारा। बाद में मार्करैम और क्विंटन डि कॉक (नाबाद 81) ने छठे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करके दक्षिण अफ्रीका की उम्मीद जगाई। स्टंप के समय डि कॉक के साथ मोर्नी मोर्केल खेल रहे थे। उन्होंने अब तक 27 गेंदों सामना किया है, लेकिन खाता नहीं खोला है।













