Table of Contents
ToggleRelatedPosts
सिरसा : सिरसा पुलिस ने डेरा सच्चा सौदा के वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। जिसके बाद सिरसा पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने नैन को पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा था लेकिन वो इसमें शामिल नहीं हुए थे। जिसके बाद अब गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस की टीमें लगातार नैन की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी में जुट गई है। इससे पहले पुलिस ने डेरे की चेयरपर्सन विपासना इंसां के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था लेकिन वह कहीं गायब हो गई है। अब नैन भी विपासना की तरह भूमिगत हो गए हैं। पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है। इससे पहले वाइस चेयरमैन नैन पूछताछ में सिर्फ एक बार ही शामिल हुए थे। उस समय उनसे हिंसा व डेरे की गतिविधियों को लेकर पूछताछ की गई थी लेकिन पुलिस उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई थी। सिरसा व पंचकूला में हुई हिंसा में नैन की भूमिका का पूरा खुलासा करने के लिए एसआइटी उससे और पूछताछ करना चाहती है। वहीं पुलिस विपासना की भी तलाश कर रही है। विपासना के न मिलने पर पुलिस उसके खिलाफ इनाम भी घोषित कर सकती है।









