वाशिंगटनः भारत द्वारा हार्ले डेविडसन मोटरबाइक पर हाई इंपोर्ट ड्यूटी लगाए जाने पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बिफर गए हैं। ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल उतारी है, हालांकि इस बार उन्होंने भारतीय लहजे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल नहीं उतारी है। बता दें कि हार्ले डेविडसन की बाइक्स पर हाई इंपोर्ट ड्यूटी से अमरीकी राष्ट्रपति नाराज हो गए थे। अमरीकी राष्ट्रपति ने इसे लेकर अपनी नाराजगी को दोहराया है। उन्होंने कहा कि अमरीका को 100 पर्सेंट की इंपोर्ट ड्यूटी को 50 पर्सेंट किए जाने के बाद भी कुछ हासिल नहीं होगा। ट्रंप ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जिन्हें मैं एक शानदार शख्सियत मानता हूं, उन्होंने मुझे इसके बाद फोन किया और कहा कि हम इंपोर्ट ड्यूटी को 50 फीसदी तक घटा रहे हैं। मैंने कहा- ठीक है. लेकिन इससे हमें कुछ भी हासिल नहीं हो रहा है। ट्रंप ने ये बात वाइट हाउस में स्टेट्स के गवर्नरों की बैठक में कहा। डोनाल्ड ट्रंप ने मोदी के अंदाज में अपनी बाहें मोड़ी और सॉफ्ट सीरियस टोन के साथ कहा- उन्होंने इसे खूबसूरती से कहा, वह एक खूबसूरत शख्स हैं। उन्होंने (मोदी ने) इसके बाद कहा कि मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि हमने इंपोर्ट ड्यूटी को 75 पर्सेंट कर दिया है और बाद में हम इसे 50 पर्सेंट भी करेंगे। इसके बाद मैंने कहा, हुह, मैं क्या कहूं? क्या मुझे रोमांचित होना चाहिए?













