काबुल – अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बार फिर धमाका हुआ है। इस बार उग्रवादियों ने मार्शल फहीम सैन्य विश्वविद्यालय को निशाना बनाया। सैन्य अकादमी पर हुए हमले में पांच जवानों की मौत हो गई है, जबकि तीन हमलावरों को मार गिराया गया है। 10 अन्य लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की जानकारी है। वहीं, सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया है। उग्रवादियों ने सुबह पांच बजे काबुल शहर की मार्शल फहीम सैन्य विश्वविद्यालय पर हमला बोला। सैन्य अकादमी पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। शिविर के अंदर मौजूद एक स्रोत के अनुसार प्रवेश द्वार की दिशा से विस्फोट और गोलियों की आवाजें सुनाई पड़ रही हैं। वही, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की सभी सड़कों को बंद कर घेराबंदी कर दी है। बता दें कि पिछले साल 21 अक्टूबर, 2017 को 15 कैडेटों की मौत हो गई, आत्मघाती हमलावरों ने बस में आ रहे कैडेटों को निशाने बनाते हुए यह हमला किया था। शनिवार दोपहर 3.30 बजे काबुल शहर के पीडी 5 जिले में यह विस्फोट हुआ था।













