इंदौर – खरगोन के कसरावद में उत्तराखंड से महाराष्ट्र जा रहा मिनी वाहनों से भरे कंटेनर में अचानक लगने से हड़कंप मच गया। कंटेनर में आग देख ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते कंटेनर में भरे आठ टाटा मैजिक वाहन चलकर खाक हो गए। सूचना पर पहुंच टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मिली जानकारी अनुसार टाटा मैजिक वाहनों से भरा एक कंटेनर उत्तराखंड के रूद्रपुर से महाराष्ट्र के औरंगाबाद जा रहा था। गुरुवार सुबह सवा 10 बजे के करीब नेशनल हाईवे स्थित निमरानी के पास कंटेनर गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक कंटेनर के पिछले हिस्से में धुआं उठने लगा। आग की सूचना पास से गुजर रहे वाहन चालकों ने जैसे ही दी, ड्राइवर ने तत्काल ट्रक को रोका और उससे कूद गया। ड्राइवर जब तक आग बुझाने की कोशिश करता कंटेनर धू-धूकर जल उठा। देखते ही देखते कंटेनर में भरे 8 नए टाटा मैजिक पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। आग के धुएं से पूरा राजमार्ग बाधित हो गया। सूचना के बाद धामनोद व कसरावद की फायर टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रैफिक चौकी प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, बालकृष्ण कुमरावत, भगवान सोलंकी और सुभाष बोराना के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे पर लगे जाम को बहाल करवाया। आग किस कारण से लगी अभी इसका पता नहीं चल पाया है।













