चंडीगढ़, 30 जनवरी(प्रेस की ताकत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को अंडर-19 टी-20 विश्व कप विजेता शैफाली वर्मा के परिवार के सदस्यों को रोहतक स्थित उनके आवास पर बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की बेटी शैफाली वर्मा के नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अंडर-19 विश्व कप जीता है। इस ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश और देश को बेटी शेफाली और पूरी क्रिकेट टीम पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने युवा टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी।
बैठक के दौरान शेफाली वर्मा के दादा संत लाल वर्मा और पिता संजीव वर्मा ने भी मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि शेफाली वर्मा की अगुवाई में पहला महिला अंडर-19 टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत के नाम रहा है। हरियाणा की बेटी शैफाली वर्मा की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को हराकर वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। 29 जनवरी को खेले गए फाइनल मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया था। इसके साथ ही भनरात इस टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले देश बन गए।













