चंडीगढ़, 17 अक्तूबर
हरियाणा में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए सालाना बजट भी जारी होता है, लेकिन उसे पूरी तरह खर्च नहीं किया जा रहा। हरियाणा में 2022 में 10 हजार 429 सड़क दुर्घटनाएं हुई और इनमें 4 हजार 915 लोगों की जान गई। घायलों की संख्या 8519 थी। यानी रोजाना 28 सड़क हादसे हुए और रोजाना 13 लोगों की मौत हुई। पिछले 5 वर्षों के ही 100 करोड़ के करीब फंड पर परिवहन विभाग कुंडली मारकर बैठा है। 2018-19 से 2022-23 के 5 वर्षों में सरकार की ओर से सड़क सुरक्षा निधि के तहत परिवहन विभाग को 170 करोड़ रुपये के लगभग जारी किए गये। इसमें से महज 72 करोड़ ही विभाग खर्च कर पाया। 98 करोड़ रुपये का इस्तेमाल नहीं हुआ।
खुद राज्य सरकार ने यह स्वीकार किया है कि सड़क सुरक्षा निधि के तहत 5 वर्षों से जारी हो रहे पैसे का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। दरअसल, स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने एक नया सिस्टम शुरू किया हुआ है। इसके तहत विधायक विधानसभा सत्र के बिना भी किसी भी विभाग से महीने में दो से तीन सवाल कर सकता है। इनका लिखित जवाब संबंधित विभाग के मंत्री की ओर से दिया जाता है।