(नाइजीरिया) – पूर्वोत्तर नाइजीरिया में एक स्कूल पर बोकोहराम के हमले के बाद से 105 लड़कियां लापता हैं। उनकी गुमशुदगी के बारे में अभिभावकों ने शुक्रवार को सूचना दी है। योबे स्टेट के दापची में अभिभावकों ने समाचार एजेंसी को बताया कि सोमवार के हमले के बाद उन्होंने एक सपोर्ट ग्रुप का गठन किया है। बोकोहराम के इस हमले ने चिबोक में 2014 में 200 से अधिक लड़कियों के अपहरण की घटना की याद ताजा कर दी है। नवगठित ग्रुप के चेयरमैन बशीर मांजो ने कहा, ‘हमारा पहला कदम सभी लापता लड़कियों की एक विस्तृत सूची तैयार करना था। अब तक हमने 105 लड़कियों के नामों की सूची तैयार की है। बोको हराम के आतंकियों ने दूरस्थ कस्बे में स्थित एक बोर्डिग स्कूल पर हमला किया था। इस कारण घबराई छात्राएं आसपास की झाडि़यों में जाकर छिप गईं थीं। लेकिन उनमें से बहुत लड़कियां घर नहीं लौटीं। आशंका है कि दर्जनों लड़कियों का अपहरण कर लिया गया है।













