बेंगलुरु. रेलवे मिनिस्टर पियूष गोयल ने सोमवार को आम यात्रियों की तरह कावेरी एक्सप्रेस ट्रेन में मैसूर से बेंगलुरु तक का सफर पूरा किया। इस दौरान गोयल ने सह-यात्रियों से मुलाकात की और ट्रेन की सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। वहीं, सफर कर रहे लोगों ने भी मिनिस्टर से अपने अनुभव शेयर किए। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी दो दिन के चुनावी दौरे पर सोमवार को कर्नाटक के मैसूर पहुंचे हैं, जहां उन्होंने 140 किमी लंबी मैसूर-बेंगलुरु इलेक्ट्रिक रेलवे लाइन का लोकार्पण किया। साथ ही मैसूर-उदयपुर के बीच हमसफर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रेलमंत्री पीयुष गोयल उनके साथ थे। इसके बाद जब पीएम मोदी एक जनसभा को संबोधित करने चले गए और रेलमंत्री गोयल कावेरी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर मैसूर से बेंगलुरु के लिए निकल पड़े। इस दौरान रेलमंत्री ने ट्रेन के स्लीपर कोच समेत कई बोगियों में जाकर यात्रियों से उनका हालचाल पूछा। साथ ही अपने सहयात्रियों से रेलमंत्री ने रेलवे के सुधार और बेहतरी के लिए फीडबैक भी लिए। रेलमंत्री पीयूष गोयल कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे समर्पित है। गोयल ने ट्रेन के स्टाफ से मुलाकात भी की।













