नई दिल्ली – दक्षिण अफ्रीका में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अपनी बल्लेबाजी का जौहर लगातार दिखा रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर उनके खेल पर बनी हुई है। प्रोटीज के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 160 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपने वनडे करियर का 34वां शतक पूरा किया। विराट की बल्लेबाजी की तारीफ हर कोई कर रहा है और इसमें पाकिस्तान के खिलाड़ी भी हैं। पहले जावेद मियांदाद और उसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने भी अब विराट की तारीफ की है। सुल्तान ऑफ स्विंग के नाम के मशहूर वसीम अकरम ने अपने अंदाज में विराट की तारफी करते हुए कहा कि अगर विराट जैसा बल्लेबाज उनके सामने खेल रहा हो तो उन्हें भी गेंदबाजी करने में परेशानी होती। दुनिया भर के बल्लेबाज उस वक्त अकरम से खौफ खाते थे जब वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे थे। ऐसे में विराट के लिए ऐसी बात कहना काफी मायने रखता है और इससे ये साबित हो जाता है कि वो किस कद से बल्लेबाज हैं।













