नोएडा – जहां सामान्य रेस्तरां में भी 200 से 400 रुपये के बीच थाली मिल रही हो वहां अगर कोई पांच रुपए में भर पेट खाना खिलाने की बात करे तो यकीन नहीं होगा, लेकिन यह नोएडा के एक शख्स ने कर दिखाया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में रहने वाले समाजसेवी अनूप खन्ना कमरतोड़ महंगाई के दौर में गरीबों के हितैषी बने हैं। नोएडा के इस समाजसेवी ने मंहगाई के इस समय बीड़ा उठाया है गरीबों को भर पेट खाना खिलाने का, वो भी महज पांच रुपये में। दादी की रसोई नाम से पांच रुपये में भरपेट खाना उपलब्ध कराने वाले अनूप खन्ना इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल, ‘दादी की रसोई’ एक करोड़ से अधिक लोगों की पसंद बन गई है। पिछले 15 दिनों के दौरान सिर्फ यू-ट्यूब पर दादी की रसोईं द्वारा किए जा रहे इस उत्तम सामाजिक सरोकारों का वीडियो एक करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं और उसे पसंद भी कर चुके हैं।













