जोहानिसबर्ग – विराट कोहली ने मंगलवार को कहा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट से पहले भारतीय टीम की तैयारियों में कमी नहीं थी। वॉन्डरर्स में तीसरे टेस्ट से पहले कोहली ने कहा, “मैं निजी तौर पर ऐसा नहीं सोचता हूं कि हमें अपनी तैयारियों में कमी लगी।” टीम इंडिया के कैप्टन ने कहा कि हम टेस्ट मैच अपनी गलतियों की वजह से हारे हैं ना कि बाहरी वजहों से। बता दें कि टीम के कोच रवि शास्त्री ने बयान दिया था कि दक्षिण अफ्रीका में दौरे की बेहतर तैयारी के लिए इंडिया को 10 दिन पहले आ जाना चाहिए था। कोहली ने कहा, “मैं निजी तौर पर ऐसा नहीं महसूस करता हूं कि हमें तैयारी के साथ सीरीज की शुरुआत करने जैसा महसूस नहीं हुआ। मैं टेस्ट सीरीज हारने के बाद उस मसले पर कुछ नहीं कह सकता हूं। हमारे पास तैयारियों के लिए एक हफ्ता था। दरअसल, 5 दिन क्योंकि एक दिन हम ट्रैवलिंग कर रहे थे। जैसा कि मैंने कहा कि हम यहां बैठकर हारने की बाहरी वजहों के बारे में सोचेंगे। ये हमारी गलतियां थीं, मौकों को ना भुना पाने का खामियाजा था कि हम सीरीज में 2-0 से पिछड़े।













