नई दिल्ली. सीबीआई रविवार को आईएनएक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड करप्शन केस के आरोपी कार्ति चिदंबरम को लेकर मुंबई पहुंची। यहां आईएनएक्स के पूर्व डायरेक्टर इंद्राणी मुखर्जी और पीटर मुखर्जी के साथ आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। करीब 4 घंटे तक जांच एजेंसी ने कई सवाल किए। इसके बाद, कार्ति को वापस दिल्ली ले जाया गया। इस दौरान कार्ति ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सारे आरोप झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं। बता दें कि इंद्राणी और पीटर शीना बोरा मर्डर केस में जेल में हैं। ऐसा आरोप है कि कार्ति ने आईएनएक्स मीडिया के एफआईपीबी क्लीयरेंस के लिए करीब 6.5 करोड़ रुपए ($1 मिलियन) रिश्वत देन की मांग की थी। सीबीआई ने कार्ति चिंदबरम से लगातार तीसरे दिन पूछताछ की। जांच एजेंसी के 6 सदस्यों की एक टीम ने सबसे पहले भायखला जेल में इंद्राणी से कार्ति का आमना-सामना कराया। इसके बाद, कार्ति को ऑर्थर जेल ले जाया गया है, जहां पीटर मुखर्जी बंद हैं। हालांकि, इस बात का खुलासा नहीं हो सका कि जांच एजेंसी ने इन तीनों को बारी-बारी से साथ बैठाकर किस तरह के सवाल किए। कार्ति को 28 फरवरी को चेन्नई एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया गया था, जब वह लंदन से लौटे थे। बाद में उन्हें दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने उन्हें छह मार्च तक के लिए हिरासत में भेज दिया था। कोर्ट ने कार्ति चिदंबरम को सीबीआई कस्टडी के दौरान सुबह और शाम 1-1 घंटे वकील से मिलने की इजाजत दी है। कस्टडी के दौरान वे डॉक्टर की सलाह पर दवाएं भी ले सकते हैं, लेकिन घर का खाना उन्हें नहीं दिया जा सकेगा।













