मास्कोः रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लगभग 74 प्रतिशत रिकॉर्ड मतों के साथ राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वह लगातार चौथी बार देश के राष्ट्रपति का पद संभालेंगे। चुनाव में जीत के बाद पुतिन अगले छह वर्षों तक देश के राष्ट्रपति बने रहेंगे। राष्ट्रपति के रुप में उनका चौथा कार्यकाल 2024 तक होगा। जोसेफ स्टालिन के बाद पुतिन दो दशकों तक रुस की सत्ता संभालने वाले देश के पहले नेता होंगे।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्लादिमिर पुतिन को चौथी बार रुस का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘‘उच्चतर स्तर’’ पर ले जाने के लिए बींजिग मॉस्को के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ की खबर के अनुसार, शी ने कहा कि मौजूदा स्थिति में चीन-रुस रणनीतिक सहयोग साझेदारी अपने सर्वोच्च स्तर पर है। मौजूदा राष्ट्रपति चुनाव पुतिन के लिए अभी तक का सबसे बेहतर चुनाव रहा है। उन्हें 75 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले हैं।













