अमेरिका – जहां दुनियाभर में सेल्फ ड्राइविंग कारों को लाने की बात की जा रही है, वहीं हाल ही में अमेरिका के अरिजोना में सेल्फ ड्राइविंग कार से पहला हादसा होने का मामला सामने आया है। अरिजोना में सेल्फ ड्राइविंग ऊबर ने सड़क पर चल रही एक महिला को कुचल दिया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। सेल्फ ड्राइविग से ये पहला हादसा है। फिलहाल पुलिस ने ऊबर के अपने इस ट्रायल प्रोग्राम को पूरे यूनाइटेड स्टेट और कनाडा में सस्पेंड कर दिया है। आपको बता दें जिस गाड़ी से ऐक्सिडेंट हुआ, वह ऊबर की सेल्फ ड्राइविंग टैक्सी थी, जो ट्रायल पर थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद ऊबर ने अपने इस ट्रायल को फिलहाल सस्पेंड कर दिया है। पुलिस के मुताबिक जिस वक्त हादसा हुआ, उस दौरान कार ऑटोमेटिक मोड में थी। वाहन ऑपरेटर पीछे था, लेकिन जब तक वह कार पर काबू करता तब तक कार खतरनाक हादसे को अंजाम दे चुकी थी। वहीं ऊबर टेक्नालॉजीज के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी नॉर्थ अमेरिका में अपने टेस्ट को सस्पेंड कर रही है। इसके साथ ही कंपनी ने ट्वीट कर मृत महिला के परिजनों के प्रति पूरी संवेदना प्रकट की और कहा हम अथॉरिटीज के साथ संपर्क में बने हुए हैं और पुलिस की जांच में भी सहयोग कर रहे हैं।













