बठिंडा – शहर के परसराम नगर स्थित एक मंदिर के पुजारी ने अपनी हरकत से धार्मिक स्थल की मर्यादा को भंग कर दिया। उसकी हरकत से हंगामा मच गया अौर लोग मंदिर के सामने धरना देकर बैठ गए। पुजारी ने घर से गई एक आठ साल की बच्ची को बेहोश कर दिया और बुरी नीयत से उसे अपनी बाइक पर बिठाकर ले जा रहा था। लोगाें ने उसे देख लिया और उसे दबोच कर बच्ची को छुडा लिया। पुजारी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। परस राम नगर के एक व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी आठ वर्षीय बेटी को गली में ही अपना मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए भेजा था। वह काफी देर तक नहीं लौटी तो चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की। तभी लोग उसे लेकर आए और उस समय बेसुध हालत में थी। लोगों ने बताया कि मंदिर का पुजारी उसे कोई नशीली दवा सुंघाकर अपनी बाइक पर बिठाकर उसे कहीं लेकर जा रहा था। लाेगों न बताया कि पुजारी ने बच्ची को अकेली देखा तो उसके मन में बुरा विचार आया। उसने फुसलाकर बच्ची को अपने पास बुलाया और कोई नशीली चीज सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया।













