चंडीगढ़ – पंजाब सरकार की ओर से नई ट्रांसपोर्ट नीति का नोटिफिकेशन आज जारी कर दिया जाएगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से सीएमओ व ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारियों के साथ अपने सरकारी निवास पर विशेष बैठक की गई है। इससे राज्य में हजारों बसों के पहिये थम जाएंगे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार इस बैठक में इस बात को लेकर सहमति बनी कि ट्रांसपोर्ट विभाग की ओर से नई ट्रांसपोर्ट पॉलिसी का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नई नीति के तहत पंजाब में निजी बस चालकों की मनोपली खत्म हो जाएगी। बता दें कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से पंजाब सरकार को सात हजार बस रूट परमिट और दो हजार रूट एक्टेंशन रद करने के आदेश दिए गए थे। पिछली सरकार के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट 1988 का बड़े पैमाने पर उल्लंघन कर सरकार में शामिल ताकतवर लोगों के ट्रांसपोर्ट कारोबार को तरजीह देने के लिए निजी बसों का परमिट और रूट एक्सटेंड कर दिए थे। सरकार के इस फैसले के खिलाफ दो लोगों ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर आरोप लगाए थे कि ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारी ट्रांसपोर्ट कारोबार में माफिया और सियासी नेताओं से मिलीभगत करके परमिट जारी कर रहे हैं, जिसके तहत सात हजार से ज्यादा रूट परमिट और रूट एक्सटेंशन दिए गए हैं।













