संजय मिश्र, नई दिल्ली। आदर्श घोटाले की आंच से बाहर आए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को अब कांग्रेस हाईकमान अगले चुनाव में अपना चेहरा बनाने पर गंभीर है। सूबों में कांग्रेस की राजनीतिक वापसी के लिए तैयार किये जा रहे सियासी ब्लूप्रिंट में महाराष्ट्र अहम एजेंडे में शामिल है। इसी रणनीति के तहत अशोक चव्हाण को फिर से सूबे में कांग्रेस की कमान देने की तैयारी है।राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष के रुप में कमान संभालने के बाद कई प्रमुख राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नये सिरे से नियुक्ति होनी है। इस लिहाज से पार्टी की निगाहें खासतौर से उन राज्यों पर ज्यादा है जहां उसका सीधा राजनीतिक मुकाबला भाजपा-एनडीए गठबंधन से है। गुजरात चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी का आकलन है कि भाजपा शासित राज्यों में होने वाले अगले चुनावों में कांग्रेस की संभावनाओं के दरवाजे खुलने के आसार हैं। मगर इस संभावना को हकीकत में बदलने के लिए राज्यों में मजबूत चेहरे का होना बेहद जरूरी है। गुजरात में शंकर सिंह वाघेला के जाने के बाद कोई एक सर्वमान्य बड़ा चेहरा सूबे में नहीं होने का भी कांग्रेस को नुकसान हुआ है।

