पटना.एनआईटी पटना में बीसीई एलुमिनाई सोसायटी के पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह में रविवार को मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मजाकिया अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा कि जब हम यहां पढ़ते थे तब यहां कोई लड़की नहीं पढ़ती थी। अगर किसी कारण से कोई लड़की कैंपस में दिख जाती थी तो छात्र को छोड़िए टीचर्स भी देखने लगते थे। बाद में यहां लड़कियों का नामांकन शुरू हुआ। आज बड़ी संख्या में महिलाएं भी यहां आई हैं जो संस्थान की छात्रा रहीं। जब हम यहां के छात्र थे तो 500 लोग पढ़ते थे, आज 3500 छात्र हैं। यह बिल्डिंग एक विरासत है। इस समारोह में सीएम के बैच के भी कुछ छात्र आए थे। उन्होंने सीएम से मंच पर जाकर मुलाकात की। सीएम भी सबसे मिले। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती छात्रों बजरंग सहाय, अमेरिका से आए एसएम झा, गोल्डन जुबली के छात्र नंदकिशोर सहाय, अवध प्रसाद सिंह, हीरक जयंती (60वीं वर्षगांठ) के छात्र प्रो. एनके तरफदार सहित पूर्ववर्ती छात्र नंद शर्मा, विश्वनाथ चौधरी, चंदेश्वर शर्मा, जयनंदन प्रसाद सिन्हा, विनोद प्रसाद सिन्हा, एसएन रजक, आरके महतो, सुनील कुमार, पीएस रमेश को स्मृति चिह्न प्रदान किया। साथ ही वर्ष 2017 में अव्वल आने वाले इलेक्ट्रॉनिक विभाग के शिवाजी कांत, सिविल विभाग के दीपक कुमार, इलेक्ट्रिकल विभाग के लिए अनिकेश कुमार तथा सर्वश्रेष्ठ विभाग के रूप में सिविल इंजीनियरिंग विभाग को भी सम्मानित किया।

