नई दिल्ली – बीसीसीआइ की चयन समिति 6-18 मार्च के बीच श्रीलंका में होने वाली टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए बायें हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना को टीम इंडिया में बरकरार रख सकती है क्योंकि भारतीय कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री अगले साल इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप से पहले इस बल्लेबाज को ज्यादा से ज्यादा मौके देना चाहते हैं। एमएसके प्रसाद के नेतृत्व वाली बीसीसीआइ की चयनसमिति इसी सप्ताह टीम चुनने के लिए बैठक करेगी। इस सीरीज में मेजबान श्रीलंका और भारत के अलावा बांग्लादेशी टीम भाग लेगी। भारत के लिए 18 टेस्ट, 223 वनडे और 67 टी-20 खेलने वाले उत्तर प्रदेश के बायें हाथ के बल्लेबाज रैना को एक साल बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में मौका मिला है। पिछला साल उनके लिए काफी निराशाजनक रहा। यो-यो टेस्ट में फेल होने के कारण उनका टीम में चयन नहीं हुआ। घरेलू मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा लेकिन इस सत्र में उन्होंने दमदार वापसी की। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके शतक मारने के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम इंडिया में जगह दी। वह दो टी-20 मुकाबलों में 15 और 31 रनों की पारी खेली। वह लय में दिख रहे हैं और जल्द ही बड़ी पारी खेल सकते हैं।













