अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान एकबार फिर सुर्खियों में है। वे क्रिकेट हिस्ट्री में सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। 19 साल के राशिद फिलहाल वनडे और टी20 क्रिकेट में नंबर वन बॉलर हैं। उन्हें असगर स्टैनिकजई के स्थान पर अफगानिस्तान टीम की कप्तानी सौंपी गई है। असगर अपेंडिक्स की सर्जरी के लिए जिम्बाब्वे के एक अस्पताल में भर्ती हैं। राशिद अपनी कप्तानी का पहला मैच 4 मार्च को ICC वर्ल्ड क्वालिफायर टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेंगे। वे इंडियन क्रिकेटर विराट कोहली और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के बहुत बड़े फैन हैं। राशिद खान का जन्म 1998 में अफगानिस्तान के नांगरहार में हुआ था। वे जलालाबाद से आते हैं और दस भाई-बहनों में से एक हैं। खान जब छोटे थे, तब अफगानिस्तान में गृहयुद्ध से जूझ रहा था। जिसके बाद उनके परिवार को देश छोड़कर भागना पड़ा था। राशिद का परिवार भागकर पाकिस्तान चला गया था। जहां वे कुछ साल तक रहे थे गृहयुद्ध खत्म होने के बाद उनका परिवार फिर अफगानिस्तान लौट आया। जहां राशिद ने अपनी नॉर्मल लाइफ और स्कूलिंग शुरू की। राशिद खान के 5 बड़े भाई हैं। सभी क्रिकेट खेलते हैं। बड़े भाइयों के साथ खेलते हुए राशिद हमेशा प्रेशर में रहते थे। इसी कारण आज वो प्रेशर हैंडल करना अच्छी तरह समझ गए हैं। इस बारे में राशिद ने खुद एक इंटरव्यू में खुलासा किया था।













