नई दिल्ली – दक्षिण अफ्रीका में भारत वनडे सीरीज जीतने के बाद रविवार को खेले टी 20 सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 28 रनों से शिकस्त दे दी। इसके साथ ही भारतीय टीम टी 20 सीरीज में भी 1-0 से आगे हो गयी है। इस उतार चढ़ाव वाले मैच में भारतीय टीम ने आखिरकार 28 रनों से जीत दर्ज कर ली। भारत की ओर से शिखर धवन ने 72 रनों की पारी खेली जबकि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 24 रन देकर 5 विकेट लिया। इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सीरीज के पहले मैच में धौनी टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया सीरीज का पहला टी 20 मैच धौनी के टी 20 करियर का 275वां मैच था। इस मैच में धौनी ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर जैसे ही रीजा हेंडरिक्स का कैच लपका। वो बतौर विकेट कीपर टी 20 मैचों में उनका 134वां कैच था। इस कैच के साथ ही यह कारनामा करने वाले वो दुनिया के पहले विकेट कीपर बन गये। अब धौनी क्रिकेट के इस शॉर्ट फॉर्मेट (टी 20) में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विकेट कीपर बन गये हैं।













