गुरदासपुर- दुष्कर्म के मामले में नामजद पूर्व अकाली मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के हाईप्रोफाइल केस में नया मोड़ आ गया। बुधवार को पीडि़त महिला कोर्ट पहुंच अपने बयानों से पलट गई। पलटने के साथ उसने पंजाब पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप लगाए। उसने कहा कि पुलिस ने कोरे कागज पर उस पर साइन करवाए थे। अदालत में बुधवार को तीन घंटे तक चली लंबी कार्रवाई के बाद पहली बार लंगाह सुकून से बाहर आते दिखे। पिछली तारीख पर लंगाह के खिलाफ आरोप पत्र दायर होने के बाद बुधवार को सरकारी पक्ष ने गवाह पेश करने थे। अतिरिक्त जिला व सेशन जज प्रेम कुमार की अदालत में लंगाह केस की सुनवाई शुरू हुई। उसके बाद सरकारी पक्ष ने पीडि़त महिला को गवाह के रूप में पेश किया। वह जाते ही अपने बयानों से पलट गई और कहा कि लंगाह ने उससे दुष्कर्म नहीं किया है। महिला ने वायरल हुई अश्लील वीडियो से भी इंकार करते हुए कहा कि इस वीडियो में दिखाई दे रही महिला वह नहीं है। पुलिस ने कोरे कागज पर उसके हस्ताक्षर ले लिए थे, जिसका दुरुपयोग किया गया है। लंगाह के राजनीतिक विरोधियों के दवाब व पुलिस ने उसे बदनाम करने के लिए ऐसा किया। गवाह के इस बयान के बाद लंगाह व बचाव पक्ष के वकीलों के चेहरे खिल उठे और पुलिस अधिकारियों के मुंह लटक गए।













