चंडीगढ़ , चंडीगढ़ में एक बार फिर भाजपा ने मेयर पद पर कब्जा जमाया। पार्टी के देवेश मौदगिल ने कांग्रेस के दविंदर बबला को 17 मतों के अंतर से हराया। मोदगिल को 22 वोट पड़े, जबकि बबला को सिर्फ 5 वोट पड़े। सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के गुरप्रीत सिंह ढिल्लो व डिप्टी मेयर पद पर विनोद अग्रवाल ने जीत दर्ज की। बता दें, चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पार्टी की निवर्तमान मेयर आशा जसवाल ने मोदगिल के खिलाफ नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था। बुधवार को पार्टी प्रभारी प्रभात झा ने पूर्व सांसद सत्यपाल जैन गुट से देवेश मोदगिल को निगम चुनाव के लिए पार्टी का मेयर पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था, जबकि टंडन गुट इस निर्णय के खिलाफ था। यही कारण है कि वर्तमान मेयर आशा जसवाल ने मेयर पद के लिए और रविकांत शर्मा ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए आजाद नामांकन भर दिया था। इसके बाद से ही पार्टी में दोनों गुट आमने-सामने आ गए थे और एक-दूसरे को ही नाम वापस लेने की नसीहत दे रहे थे। इसके अलावा पार्टी द्वारा सीनियर डिप्टी मेयर के लिए गुरप्रीत सिंह ढिल्लों और डिप्टी मेयर के लिए विनोद अग्रवाल को उम्मीदवार बनाने के बावजूद टंडन गुट से रविकांत शर्मा ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए आजाद नामांकन भर दिया था, लेकिन हाईकमान के दवाब के चलते ही सोमवार को मेयर आशा जसवाल ने अपना नामांकन वापस ले लिया।










