जालंधर- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के विरुद्ध की गई बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कैप्टन ने आज एक प्रैस विज्ञप्ति में कहा है कि मोदी मनघडंत बयान देकर उनके व कांग्रेस हाईकमान के बीच 2019 के लोकसभा चुनाव से पूर्व दूरी या मतभेद पैदा नहीं कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने खोखला वार किया है। मुख्यमंत्री ने मोदी से पूछा कि उनकी जानकारी का स्रोत क्या है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसा कुछ भी पता या याद नहीं है कि उन्होंने कभी प्रधानमंत्री के पास कांग्रेस हाईकमान को लेकर कोई शिकायत की हो। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ख्याली सियासी बाण है जो सफाई से काफी दूर है। कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा कि वह इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं कि मोदी को झूठा बयान देने के लिए किन परिस्थितियों ने मजबूर किया है। उन्हें या कांग्रेस हाईकमान को प्रधानमंत्री से अपने आंतरिक संबंधों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सलाह लेने की जरूरत नहीं है। कैप्टन ने कहा कि वह अपना काम करना स्वयं जानते हैं तथा उन्हें यह भी पता है कि अपने राज्य को कैसे चलाना है तथा पार्टी हाईकमान के साथ कैसे संबंध रखने हैं। कैप्टन ने दावा किया कि उनकी लीडरशिप में कांग्रेस हाईकमान का पूरा भरोसा है तथा हाईकमान ने उन्हें पंजाब को आॢथक संकट से बाहर निकालने के लिए पूरी छूट दी हुई है। यह आॢथक संकट भाजपा की देन है जो पूर्व अकाली सरकार में सहयोगी पार्टी थी।













