चंडीगढ़- मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन व कथित गुंडा टैक्स को पूरी सख्ती से रोकें। यही नहीं मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ‘मगरमच्छ’ को पकड़ा जाए और इसमें कोई आनाकानी की गुंजाइश नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने अवैध खनन के लिए जिला पुलिस मुखिया को सीधे तौर पर जिम्मेदार बनाने की भी चेतावनी दी। कैप्टन ने कहा कि गुंडा टैक्स पर सरकार रत्ती भर ढील सहन नहीं करेगी। गौरतलब है कि आप नेता सुखपाल खैहरा ने आरोप लगाया था कि वित्त मंत्री के साले और मुख्यमंत्री के बेटे रणइंद्र सिंह के करीबी बठिंडा रिफाइनरी से निकलने वाले ट्रकों से गुंडा टैक्स वसूल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी खरीद सीजन दौरान सभी प्रबंध पहले ही मुकम्मल करने के लिए डिप्टी कमिशनरों को कहा कि किसानों को एजेंसियों और आढ़तियों से परेशानी नहीं आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू की गई महात्मा गांधी सरबत विकास योजना को उचित ढंग के साथ लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जोश के साथ काम करने के निर्देश दिए या जो विकास का फल निचले जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने 31 मार्च तक सभी योग्य व्यक्तियों को इस अधीन लगाने की हिदायतें जारी की।













