जालंधर : 1 साल पहले सूर्या एन्क्लेव में स्थापित हुए कमिश्नरेट के थाना रामा मंडी की आबादी 2 लाख से भी अधिक होगी जबकि इस आबादी की सुरक्षा के लिए थाने में सिर्फ 60 पुलिस मुलाजिम तैनात हैं, जिनमें थाना प्रभारी इंस्पैक्टर व एक लेडी इंस्पैक्टर के अलावा 10 ए.एस.आई., 1 लेडी ए.एस.आई., 13 हैड कांस्टेबल, 25 कांस्टेबल, 2 लेडी कांस्टेबल व 7 होमगार्ड के जवान शामिल हैं जबकि साल 2014 में जब कुंवर विजय प्रताप सिंह जालंधर के पुलिस कमिश्नर थे, तब थाने में तैनात पुलिस मुलाजिमों की संख्या 132 से अधिक थी और उस समय थाने की आबादी भी 2 लाख से काफी नीचे थी। थाने में मुलाजिमों की काफी कमी है, जिसके कारण वहां ड्यूटी करते मुलाजिमों को काफी समस्या आती है। 60 मुलाजिमों में से ही कुछ मुलाजिम छुट्टी पर चले जाते हैं और बाकी रहते मुलाजिमों में से कोर्ट ड्यूटी, सरकारी कार्यालयों से रिकार्ड लेने जाना, वी.आई.पी. ड्यूटी करना, दिल्ली-लाहौर बस को मुख्य मार्ग से निकालना, खतरनाक अपराधियों से निपटना, क्षेत्र की गश्त, हादसों के समय मौके पर पहुंचना, रूटीन व स्पैशल नाकाबंदी इत्यादि को पूरा करना पड़ता है।













