मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस ने एक नाबालिग सहित सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशा तस्करी के विभिन्न नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 आधुनिक पिस्तौल, 102 जिंदा कारतूस, 38.962 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप और 800 ग्राम अफीम बरामद की गई है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव घनुपुर काले निवासी लक्ष्य खत्री, अमृतसर के गांव शहजादा निवासी गुरमीत सिंह, लुधियाना के नूरपुर बेट निवासी मनदीप सिंह, तरनतारन के गंढीविंड निवासी विशालदीप सिंह तथा अमृतसर के चविंडा कलां निवासी गुरदित्त सिंह और विशाल के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने उक्त आरोपियों के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेपों का प्रबंध कर रहे थे और उक्त आरोपियों के माध्यम से इन्हें आगे अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरे नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है, ताकि अन्य आरोपियों की पहचान कर अवैध हथियारों और नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके।
डीजीपी ने बताया कि इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 109 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है तथा आने वाले समय में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगियां होने की उम्मीद है।
अभियान के संबंध में जानकारी साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इन कार्रवाइयों के दौरान पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार विशेष नाके लगाए गए। इसके साथ ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बटालियनों के साथ संयुक्त तलाशी अभियान भी चलाए गए।
आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बड़ी बरामदगियों का विवरण देते हुए बताया कि थाना भिंडी सैदां के क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अड्डा भिंडी सैदां में बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार मनदीप सिंह और विशालदीप सिंह को रोककर उनके कब्जे से 12 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए।







