चंडीगढ़, प्रेस की ताकत ब्यूरो- 15 नवंबर 2021 

पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर चरणजीत सिंह चन्नी सरकार पर निशाना साधा। सिद्धू ने एक के बाद एक तीन ट्वीट कर कहा कि किसी भी योजना या रियायत की घोषणा से पहले सरकार को फंड का सोर्स जरूर बताना चाहिए। किसी भी स्कीम या रियायत की घोषणा से पहले फंडिंग का सोर्स जरूर बताना चाहिए। जवाबदेही के लिए यही सबसे बड़ी जरूरत और अहम बात है। कोई भी रियायत या योजना कर्ज लेकर नहीं की जानी चाहिए।

सिद्धू का यह ट्वीट उस समय आया जब चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर के आदमपुर में लोगों के लिए बड़ी घोषणाएं कर रहे थे। इससे पहले भी जब भी चन्नी लोगों के लिए घोषणाएं करते रहे हैं तब नवजोत सिंह सिद्धू ट्विटर के जरिये सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। ट्वीट कर नवजोत सिंह सिद्धू ने लिखा कि आज पंजाब भारत का सबसे अधिक कर्जदार राज्य है। राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 50% ऋण है। हमारे खर्च का आधा हिस्सा महंगे कर्ज से आता है। उन वास्तविक मुद्दों से न हटें जिनका हर पंजाबी और पार्टी कार्यकर्ता समाधान की मांग करता है, क्योंकि पंजाब में जल्द चुनाव होने हैं।

सिद्धू ने कहा कि वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता पंजाब माडल के स्तंभ हैं। जवाबदेही हर योजना की घोषणा में धन के स्रोतों का खुलासा करने की मांग करती है, चाहे वह आय से हो या अधिक ऋण से। पारदर्शिता हर महीने राज्य के वित्तीय स्वास्थ्य को सार्वजनिक करने की मांग करती है।

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उधार लेना हल नहीं है। जनता से टैक्स कर्ज चुकाने के लिए नहीं लिया जाना चाहिए, बल्कि टैक्स की राशि जनता के पास विकास के रूप में वापस जानी चाहिए। पंजाब माडल में राज्य के संसाधनों की चोरी को रोकना, सरकारी खजाने को भरना और आय सृजन के माध्यम से एक कल्याणकारी राज्य बनाना है।