समाज में कई ऐसे लोग व संस्थाएं हैं जो पीछे रहकर अपने सामाजिक दायित्व का पूर्णतया व संजीदगी से निर्वहन कर रही हैं । ऐसी ही एक संस्था है “दादी के बच्चे” जोकि #1465/6, पम्बू निवास, नगर खेड़ा, लक्कड़ मंडी, अम्बाला शहर में स्थित है व गरीब बच्चों का पालन पोषण कर रही है। अम्बाला की विख्यात समाजसेवी संस्था “सक्षम” के सदस्यों के संज्ञान में जब यह संस्था आई तो इन्होंने सर्वप्रथम तो बच्चों की चिकित्सीय जांच का बीड़ा उठाते हुए कपिल आई अस्पताल के सहयोग से कल सांय यहां निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगा यहां के सभी 37 बच्चों की नेत्र जांच की व इनमें से 7 बच्चों में दृष्टि दोष पाया । इन बच्चों को गहन निरीक्षण के लिए कपिल आई हॉस्पिटल, अम्बाला शहर में बुलाया गया है । इस शिविर में “सक्षम” की ओर से कृष्ण लाल गुलाटी, भीमसेन भल्ला, मीना गर्ग, प्रमोद गर्ग व करण ने भाग लिया तथा कपिल आई हॉस्पिटल की ओर से अनमोल और मोहम्मद जावेद ने अपनी सेवाएं प्रदान की ।

