गांधीनगर: गुजरात विधानसभा के लिए पहले चरण में 9 दिसंबर को 89 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए प्रचार आज शाम 5 बजे थम जाएगा। भाजपा के प्रचार की मुख्य कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही संभाल रखी है जबकि कांग्रेस के सबसे बड़े प्रचारक राहुल गांधी हैं। भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, चुनाव प्रभारी सह वित्त मंत्री अरुण जेतली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई मंत्रियों, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहाण को भी प्रचार में लगाया है। कांग्रेस ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्रियों के अलावा युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट से भी प्रचार कराया है। इस बार चुनाव प्रचार में फिल्मी सितारों का अधिक बोलबाला नहीं है।