मुंबई. दक्षिण भारत में भारी तबाही मचाने के बाद साइक्लोन ओखी ने मुंबई में दस्तक दे दी है। मुंबई और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। इस वजह से मंगलवार को मुंबई और उसके आसपास के जिलों के स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई। उधर, ओखी अब दक्षिण गुजरात के सूरत की तरफ बढ़ रहा है। इसकी रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा रहने के आसार हैं। यह मंगलवार देर रात तक गुजरात पहुंच सकता है।बृहन्मुंबई महानगर पालिका की इमरजेंसी टीम ने लोगों से अपील की है कि वे चार से सात दिसंबर के बीच समुद्र तटों से दूर रहें। इस दौरान समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुंबई के अलावा सिंधुदुर्ग, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भी साइक्लोन का असर दिखा। ओखी गुजरात की ओर भी बढ़ रहा है। इसके मंगलवार देर रात गुजरात के तटों से टकराने के आसार हैं। वेदर डिपार्टमेंट का कहना है कि जैसे ही यह तटों के करीब आएगा, इसकी ताकत कम हो जाएगी।ओखी सूरत के पास समुद्र तट को डीप डिप्रेशन के तौर पर पार कर सकता है। वेदर डिपार्टमेंट ने इसे बेहद ताकतवर कैटेगरी में रखा है।इन इलाकों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। नुकसान को कम से कम करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।