पटियाला : नए साल 2018 की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए पी.आर.टी.सी. ने पहले 3 महीनों में 100 नई बसों को शामिल करने की घोषणा की है। पी.आर.टी.सी. के चेयरमैन के.के. शर्मा और मैनेजिंग डायरैक्टर मनजीत सिंह नारंग के नेतृत्व में हुई मीटिंग में यह फैसला लिया गया है। इन बसों की पहली खेप को मुख्यमंत्री हरी झंडी देंगे।पी.आर.टी.सी. के मैनेजिंग डायरैक्टर मनजीत सिंह नारंग ने बताया कि पी.आर.टी.सी. के पास कुल 1,072 बसें हैं जिनमें 60 बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं। पी.आर.टी.सी. ने सभी बसों के नवीनीकरण का प्लान बनाया हुआ है जिसके अंतर्गत अब इन 100 बसों को पी.आर.टी.सी. के बेड़े में शामिल करने के साथ पी.आर.टी.सी. के पास कोई भी पुरानी बस नहीं रहेगी। एम.डी. नारंग ने बताया कि 10 मार्च 2018 तक ये बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी जिसके अंतर्गत 18 जनवरी के लगभग पहली 25 बसों को मुख्यमंत्री पंजाब झंडी देंगे। फिर फरवरी में 50 बसों और मार्च के पहले हफ्ते 25 अन्य बसों को सड़कों पर उतार दिया जाएगा। इसके साथ पी.आर.टी.सी. के पास समूची बसें नई हो जाएंगी।
