पीएम नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) आज एक बार फिर राजस्थान आएंगे. प्रधानमंत्री मोदी यहां राजस्थान को 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्ग, रेल, विद्युत परियोजनाओं और बीकानेर में ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के विकास कार्यों की सौगात देंगे. इसके साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी विशेष विमान से शाम 4 बजे बीकानेर के नाल एयरपोर्ट आएंगे. यहां से वे हेलिकॉप्टर से नौरंगदेसर जाएंगे. नौरंगदेसर में पीएम मोदी 24 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
इनमें सबसे अहम अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे लोकार्पण शामिल है. वहीं 450 करोड़ की लागत से बीकानेर रेलवे स्टेशन के रि-डेवलपमेंट कार्य का शिलान्यास करेंगे. उसके बाद वे नौरंगदेसर में स्थित लोकार्पण एवं शिलान्यास स्थल से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर बनाए गए सभा स्थल पहुंचेगे. वहां वे जनसभा का संबोधित करेंगे. पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में 5 हजार पुलिस के जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं.













