इससे पहले प्रदेश पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि भाजपा विधायक दल ने निवर्तमान सरकार में मंत्री 58 वर्ष के यादव को अपना नेता चुना। शर्मा ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में शाम को भोपाल में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में शीर्ष पद के लिए उज्जैन दक्षिण से भाजपा विधायक यादव का नाम प्रस्तावित किया। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। इससे पहले, भाजपा के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षकों हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, ओबीसी मोर्चा के प्रमुख के लक्ष्मण और सचिव आशा लाकड़ा ने विधायक दल की बैठक से पहले पार्टी विधायकों और कोर समिति के सदस्यों से बात की। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहे।
नये सीएम यादव को आरएसएस का करीबी माना जाता है। वह तीन बार के विधायक और एक प्रमुख ओबीसी नेता हैं। ओबीसी मप्र की आबादी का 48 प्रतिशत से अधिक हैं। वह पहली बार 2013 में उज्जैन दक्षिण से विधायक चुने गए। इसके बाद 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी। भाजपा विधायक निवर्तमान मुख्यमंत्री चौहान के मंत्रिमंडल में उच्च शिक्षा मंत्री थे।













