खरड़, 5 जनवरी 2026 :
दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर अनमोल मुस्कान कांती पत्नी दीप सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा दूध का लंगर लगाकर सेवा, समर्पण और सर्वत्र भले की एक सुंदर मिसाल पेश की गई। इस लंगर में बड़ी संख्या में संगत ने सहभागिता कर गुरु घर की बरकत प्राप्त की।
इस अवसर पर ट्रस्ट की चेयरपर्सन अमरजीत कौर पूजा ने दूध की सेवा में विशेष रूप से भाग लेते हुए सेवा-भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की जीवनी हमें त्याग, न्याय और मानवता की सेवा का संदेश देती है।
अपने संदेश में चेयरपर्सन अमरजीत कौर पूजा ने लोगों को दशम पिता के उच्च आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता, भाईचारे और शांति को सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से सेवा, सिमरन और सत्य के साथ जुड़ने की भी अपील की।
ट्रस्ट द्वारा लगाया गया यह दूध का लंगर गुरु घर की परंपरा के अनुसार सर्वत्र भले, निस्वार्थ सेवा और मानवीय एकता का प्रतीक बना, जिसकी संगत द्वारा भरपूर सराहना की गई।













