चंडीगढ़ ,18 फरवरी- फरीदाबाद में 38 वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले की बड़ी चौपाल पर मंगलवार को घाना देश के कलाकारों ने बीमा डांस और टोगो के सेप्टीमी डांस देखकर दर्शकों भरा पंडाल खुशी से झूम उठा। कोमोरोस, जिम्बाब्वे और जाम्बिया आदि देशों के कलाकारों ने भी वादन, गायन और नृत्य शैली की प्रस्तुति से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
पर्यटन निगम हरियाणा और कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से छोटी और बड़ी चौपालों पर देश-विदेश के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी है। मुख्य चौपाल पर साउथ सूडान, इथोपिया, इस्वातिनी और किग्रिस्तान सहित मेले के थीम स्टेट ओडिशा और मध्य प्रदेश के लोक कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर पंडाल में रंग जमाए रखा।
वहीं छोटी चौपाल पर हरियाणा कला परिषद कुरुक्षेत्र मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया गया। इस चौपाल के मंच से महेंद्र नाथ एंड ग्रुप की बीन पार्टी, रामनाथ एंड ग्रुप की सारंगी पार्टी और गिटार की प्रस्तुति से निर्भय और तोशिव ने दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं संजीव कौशिक ने अपनी कॉमेडी, इंद्र सिंह लांबा एंड ग्रुप ने रागनी, अनूप कुमार एंड ग्रुप ने हरियाणवी लोक नृत्य, डा. अमरजीत की टीम ने शास्त्रीय समूह और सोलो नृत्य तथा सौरभ वर्मा एंड ग्रुप ने पोप बैंड से खूब धमाल मचाया। वहीं शिरडी साईं बाबा स्कूल फरीदाबाद के विद्यार्थियों ने पंजाबी गिद्दा पर अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी।
बता दें कि गत 7 फरवरी से शुरू हुए सूरजकुंड मेला में अलग-अलग मंचों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करवाया जा रहा है। इन मंचों से देश और विदेश के कलाकारों द्वारा पर्यटकों का 23 फरवरी तक मनोरंजन किया जाता रहेगा।