मॉस्कोः रूसी सेना ने मंगलवार को सीरिया के पूर्वी घोउटा में विद्रोहियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने गोलीबारी कर युद्ध विराम का उल्लंघन किया, जिससे नागरिकों को संघर्ष क्षेत्र छोड़ने का मौका मिल नहीं पाया। रूसी समाचार एजेंसियों ने बताया कि विद्रोहियों ने गलियारे में गोलीबारी कर दी, जिसकी वजह से एक भी नागरिक संघर्ष क्षेत्र छोड़ने में सक्षम नहीं हो पाया। गौरतलब है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सीरियाई सेना को घोउटा में विद्रोहियों के कब्ज़े वाले इलाके में प्रतिदिन कुछ वक्त के लिए हमले रोकने का आदेश दिया था। ये सीमित संघर्ष विराज मंगलवार यानि आज से शुरू हो गया है। इसका मकसद जंग में फंसे नागरिकों को विद्रोहियों के कब्ज़े वाले इलाके से निकलने देना है। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोयगू ने कहा है कि जंग में ये मानवीय रोक स्थानीय समय के मुताबिक, सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। लेकिन पुतिन की इस पहल को विद्रोहियों ने विफल कर दिया।













